गहलोत और पायलट… यह कैसी सियासत? नजारा देख गच्चा खा गए सब लोग
✍️ मनीष बागड़ी
जयपुर/कोटा : सियासत में राजनीति के कई ऐसे रंग होते हैं, जो हर किसी की समझ से परे होते हैं, तभी तो कहा जाता है कि सियासत में जो दिखता है, वह होता नहीं और जो होता है वह दिखता नहीं। यह बात राजस्थान के कोटा में बुधवार को फिर सही चरितार्थ हुई। जब सियासत में दो विपरीत धुर विरोधी पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट की हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई। यूं तो अशोक गहलोत और सचिन पायलट पर हमला करने से कभी नहीं चूकते, लेकिन जब कोटा में राहुल गांधी के स्वागत के दौरान सचिन पायलट से मुलाकात हुई तो हर किसी का दिमाग गच्चा खा गया। गहलोत पायलट से बड़े गर्म जोशी से हैंडशेक करते हुए मुस्कुराते नजर आए। सोशल मीडिया पर जब यह तस्वीर वायरल हुई, तो न केवल लोग हैरान रह गए, बल्कि सियासी गलियारों में इस नए रंग को लेकर जमकर हलचल मच गई।
यह भी पढ़ें : नरेश मीणा के नाम पर कालिख! समाज के लोगों ने आक्रोश जताया
गहलोत और पायलट, आखिर क्या है सियासत
नीट परीक्षा के पेपर लीक के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी बुधवार को कोटा आए, जहां उन्होंने स्टूडेंट से संवाद किया। राहुल गांधी के आगमन को लेकर कांग्रेस के नेता इस तरह एकजुट हुए कि मानो प्रदेश कांग्रेस में कुछ भी अजीब नही है। हैरानी तो तब हुई जब धुर विरोधी अशोक गहलोत और सचिन पायलट की आंखें एक दूसरे से मिली। एक दूसरे के हाथ मिले और मुस्कराए। इस तस्वीर में गहलोत ज्यादा खिलखिलाते हुए नजर आए। वहां मौजूद लोग चकित रह गए। उस समय नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, विधायक रफीक खान, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और दिव्या मदेरणा सहित कांग्रेस के दिग्गज नेता मौजूद थे। इस तस्वीर को लेकर लोग कैप्शन दे रहे हैं आखिर यह कैसी सियासत?
यह भी पढ़ें : चाय पीने के बहाने बुलाया और कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या, जानिए उस रात का सच
दोनों में क्या हुई होगी बात
पायलट और गहलोत की राहुल गांधी के आगमन से पहले इस मुलाकात को लेकर सियासी गलियारों में टेंपरेचर चढ़ा हुआ है। कोटा एयरपोर्ट के वेटिंग हॉल में दोनों की इस मुलाकात को लेकर चर्चा हो रही है। राजनीतिक पंडित भी इसको लेकर तरह-तरह की अपनी गणित लगा रहे हैं। वही सोशल मीडिया पर इस तस्वीर को लेकर कई तरह के कमेंट्स भी सामने आ रहे हैं। लोग कह रहे हैं नेताओं के भरोसे कभी दुश्मनी नहीं लेनी चाहिए, क्योंकि इनका कोई भरोसा नहीं। यह कब एक हो जाए। इधर, सियासी गलियारों में चर्चा हो रही है कि आखिर पायलट और गहलोत दोनों मुस्कुराते हुए क्या बातचीत कर रहे होंगे?
यह भी पढ़ें : सचिन पायलट का जवाब नही! शालीनता से गहलोत को करारा जवाब
गहलोत ने पायलट को फिर दिलाया था मानेसर मुद्दा
मानेसर मुद्दे को लेकर कांग्रेस की सियासत में एक बार फिर पारा गरमाया। अशोक गहलोत किसी न किसी बहाने सचिन पायलट को मानेसर मुद्दा जरूर याद दिला देते हैं। बीते दिनों भी जयपुर में गहलोत ने मीडिया से बातचीत के दौरान सचिन पायलट के इन जख्मों को फिर से हरा करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि 25 सितंबर की घटना कांग्रेस हाई कमान के खिलाफ नहीं थी, वह तो असल में उनके (सचिन पायलट) के खिलाफ थी। हमने तो सरकार बचाने के लिए प्रयास किया। 100 विधायक होटल में बंद रहे थे। विधायकों का कहना था कि हम में से किसी को मुख्यमंत्री बना दीजिए, लेकिन उस व्यक्ति को नहीं बनाए जो सरकार गिराने के लिए मानेसर चले गए। गहलोत ने पायलट पर निशाना साधते हुए यह भी कहा कि उन्हें अपनी गलती माननी चाहिए।
यह भी पढ़ें : पायलट को लेकर कांग्रेस में झल्लाहट क्यों? किस वजह से कांग्रेस में डर

पॉलिटिकल आर्टिकल्स लिखना पसंद है, पत्रकारिता में 20 वर्ष से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) में ‘स्टेट पॉलिटिकल आर्टिकल्स’ लिखता हूं, पत्रकारिता के इस सफर में राजस्थान पत्रिका, A1टीवी, न्यूज़ इंडिया, Network 10, हर खबर न्यूज़ चैनल, दैनिक रिपोर्टर्स.com जैसे न्यूज़ प्लेटफार्म पर भी कार्य किया है।
Follow us –
manishbagdi.reporter@gmail.com, www.thepoliticaltimes.live,






