डोटासरा की गहलोत से दूरी और पायलट से जुगलबंदी, राजस्थान कांग्रेस में नया समीकरण
✍ मनीष बागड़ी
जयपुर : राजस्थान में कांग्रेस की सियासत में इन दिनों काफी हलचल मची हुई। विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन गुरुवार को कांग्रेस नेे जमकर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस की सियासत में हैरान कर देने वाली एक तस्वीर सामने आई। जिसने राजधानी जयपुर से लेकर जोधपुर तक कांग्रेस में बेचैनी पैदा कर दी है। इसकी वजह कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट की जुगलबंदी, जो सियासी गलियारों में काफी चर्चा में है। दोनों नेता प्रदर्शन के दौरान काफी करीब दिखें। उनके बीच जिस तरह की केमिस्ट्री, हंसी मजाक और एक दूसरे के हाथ को पकड़ने का नजारा कुछ और ही बड़ा संकेत दे रहा है। इसको लेकर अब सियासी गलियारों में न केवल हलचल मची हुई है, बल्कि राजनीतिक जानकार भी इसके मायने समझने की कोशिश कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : ‘भैंसों के तबेले में वर्ल्ड क्लास डिजिटल क्लासरूम’, मदन दिलावर पर आशुतोष रांका ने TV इंटरव्यू पर कसा तंज
गहलोत के साथ दूरी और पायलट के साथ जुगलबंदी
बीते दिनों चौथी बार सीएम को लेकर जो नारे लगे, इसका असर कांग्रेस में अभी तक देखने को मिल रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को लेकर लगे इन नारांे को लेकर डोटासरा ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद से सियासत में डोटासरा और गहलोत के बीच दूरी के कयास लगाए जा रहे हैं। इस बीच मानसून सत्र के पहले दिन विधानसभा के बाहर डोटासरा और पायलट की गजब की कैमिस्ट्री देखने को मिली। इसका वीडियो न केवल सियासत में चर्चा का विषय बना हुआ है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी छाया हुआ है। सोशल मीडिया में वायरल हो रहे इस वीडियो में सचिन पायलट और गोविंद सिंह डोटासरा साथ-साथ चलते हुए दिखाई दे रहे हैं। यही नहीं किसी बात पर दोनों ठहाका लगाकर हंसते हैं और एक दूसरे का हाथ पकड़ लेते हैं। यह नजारा ऐसा लग रहा है, मानो कोई पुराना याराना हो। राजनीतिक जानकार लोगों के अनुसार यह कोई साधारण तस्वीर नहीं है। इस तस्वीर के पीछे कई बड़े मायने छिपे है। यहीं नहीं यह तस्वीर उस समय सामने आई है। जब गहलोत और डोटासरा के बीच दूरी को लेकर काफी चर्चा हो रही है। ऐसे में चर्चा हो रही है कि सचिन पायलट के साथ डोटासरा की नजदीकी और जुगलबंदी आने वाले दिनों में क्या गुल खिलाएगी? यह तो आने वाले भविष्य के गर्भ में है।
यह भी पढ़ें : CJP आशुतोष रांका का आरोप : मदन दिलावर के निर्देश पर हुआ हमला, अब इस्तीफे पर होगी बात
अशोक गहलोत भी दिल्ली में दिखे सक्रिय
इस बीच दिल्ली से भी एक बड़ी सियासी तस्वीर सामने आई, जहां अशोक गहलोत का रुतबा फिर से देखने को मिला। दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर जवाहर भवन में आयोजित हरा-भरा स्वराज राइस एंड एक्ट सम्मेलन में गहलोत ने शिरकत की। इस सम्मेलन में गहलोत राहुल गांधी के करीब नज़र आए। गहलोत ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस समारोह की कुछ तस्वीरे शेयर की हैं, जो बड़ा संकेत दे रही है। राहुल गांधी के करीब की इन तस्वीरों से गहलोत ने आने वाले चुनाव के चलते न केवल सियासत को बल्कि राजस्थान की कांग्रेस को भी फिर से बड़ा संदेश देने का प्रयास किया है।
यह भी पढ़ें : विधानसभा गेट पर ताला देख भड़के डोटासरा, गेट पर चढ़े कांग्रेसी विधायकों को भी नसीहत दे डाली
गहलोत और डोटासरा में दिखी थी दूरी
गहलोत और डोटासरा के बीच दूरी को लेकर इन दिनों सियासी गलियारों में काफी चर्चा हो रही है। इस चर्चा की वजह की शुरुआत बीते दिनों गहलोत को लेकर चौथी बार सीएम बनाने के जो नारे लगे, उससे हुई। इन नारों को लेकर डोटासरा ने भी इशारों में कांग्रेस को कड़ा संदेश देने का प्रयास किया। हालांकि गहलोत ने इस विवाद के बाद अपनी सफाई देने का प्रयास किया। माना जा रहा है कि तब से गहलोत और डोटासरा के बीच दूरी देखी जा रही है। यह चर्चा उस समय भी तेज हो गई, जब बीते दिनों जयपुर में राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा पार्टी की बैठक लेने के लिए आए, जहां राजस्थान प्रभारी की मौजूदगी में गहलोत और डोटासरा ने एक दूसरे से औपचारिक तरीके से मुलाकात की। उन्होंने हाथ मिलाया, लेकिन एक सेकंड के बाद ही दोनों ने एक दूसरे से नज़रें फेर ली थी।
बगरू स्कूल विवाद : तबेले में पढ़ रहे बच्चे, मालिक ने बताई स्कूल की पूरी कहानी

मनीष बागड़ी, राजनीतिक पत्रकार और द पॉलिटिकल टाइम्स के संपादक हैं। पत्रकारिता में 25 वर्ष से अधिक अनुभव के साथ वे पॉलिटिकल आर्टिकल्स, प्रशासनिक खबरों और विशेष स्टोरीज पर फोकस करते हैं। वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) में स्टेट पॉलिटिकल आर्टिकल्स लिखते हैं और IAS, IPS जैसे अधिकारियों से जुड़ी विशेष रिपोर्टिंग करते हैं। अपराध, राजनीतिक रैलियां, सभाएं और ऐतिहासिक स्थलों जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया है। इससे पहले राजस्थान पत्रिका, दैनिक सच्चा सागर, A1 टीवी, न्यूज़ इंडिया, Network 10, हर खबर न्यूज़ चैनल और दैनिक रिपोर्ट्स.com जैसे प्लेटफॉर्म्स पर कार्य किया। संपर्क: manishbagdi.reporter@gmail.com | वेबसाइट: www.thepoliticaltimes.live






