देवली : ज्वेलरी शॉप में चोरी की वारदातों का बड़ा खुलासा! हनुमाननगर पुलिस का बड़ा एक्शन
टोंक/भीलवाड़ा : टोंक जिले के देवली से सटे हुए भीलवाड़ा जिले के हनुमान नगर थाना क्षेत्र में बीते दिनों एक ज्वेलरी शॉप में चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरों ने इटूंदा के बस स्टैंड के समीप सोने चांदी के आभूषणों की दो दुकानों पर इस वारदात को अंजाम दिया था। इस दौरान पुलिस ने कड़ी मशक्कत करते हुए साइबर पुलिस टीम की मदद से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों को तलाश लिया। पुलिस आरोपियों से अब बरामदगी के प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें : जयपुर में कॉस्टेबल ने गंदे गंदे इशारे किए, वीडियो में लड़की के दावे ने मचाया बवाल, जानिए पूरा मामला
ज्वेलरी शॉप पर चोरी के मामले में तीन गिरफ्तार
हनुमान नगर थाना प्रभारी गणेशाराम मीणा ने बताया कि गत 28 अक्टूबर की रात्रि को इटूंदा बस स्टैंड स्थित आशुतोष स्वर्णकार की दुकान का ताला तोड़कर सोने चांदी के आभूषण चुराए गए थे। इस मामले में पुलिस ने झालावाड़ सदर थाना क्षेत्र के राजू कंजर पुत्र हरीश कंजर निवासी नदिया खेड़ी, दिनेश कंजर पुत्र कालू कंजर निवासी तीतर वासा और बिरिया खेड़ी निवास हेमराज कंजर को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस अन्य लोगों को भी तलाश में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें : नरेश मीणा की पार्टी में फूट! हिंडोली में तीन CR के कांग्रेस पाले में जाने की आशंका, नरेश बोले, ऐसा हुआ तो धरना देंगे
साइबर टीम की मदद से खोली वारदात
वारदात के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज लिए और साइबर टीम की मदद से चोरों को ट्रेस किया। इसके बाद पुलिस इन आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने बताया कि इस मामले में लिप्त अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। इसके अलावा दुकान से जो सोने चांदी के जेवर नगदी चुराए गए थे, उन्हें भी बरामद करने का प्रयास कर रही है। पुलिस गिरफ्तार तीनों आरोपियों से वारदात के दौरान काम में ली गई मोटरसाइकिल को लेकर भी पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़ें : देवली : शादी-ब्याह नहीं, जडूले में बरसे करोड़ों! थाली में रखे 1.64 करोड़ रुपए, देखिए वीडियो
यह है चोरी का पूरा घटनाक्रम
बता दें कि यह वारदात 28 अक्टूबर की रात्रि को हुई, जब देर रात 2 बजे आशुतोष स्वर्णकार की दुकान का शटर तोड़कर तीन-चार बदमाशों ने भीतर प्रवेश किया और वहां से 1 किलो ग्राम चांदी के आभूषण, 500 ग्राम नया और पुराना जेवर, 5 ग्राम सोना और 5000 की नगदी चुरा ली। इस दौरान दुकान के सीसीटीवी कैमरे में चोरी करने वाले बदमाशों की गतिविधि रिकॉर्ड हो गई। चोरों ने इसी तरह पास में स्थित विशाल सोनी की दुकान पर भी इसी तरह वारदात को अंजाम दिया, जहां 300 ग्राम की दो पायजेब की जोड़ी, 500 ग्राम चांदी के बर्तन और एक सोने की अंगूठी चुराई थी।
✍🏻 मनीष बागड़ी

मनीष बागड़ी, राजनीतिक पत्रकार और ‘द पॉलिटिकल टाइम्स’ के संपादक हैं। पत्रकारिता में 25 वर्ष से अधिक अनुभव के साथ वे पॉलिटिकल आर्टिकल्स, प्रशासनिक खबरों और विशेष स्टोरीज पर फोकस करते हैं। वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) में स्टेट पॉलिटिकल आर्टिकल्स लिखते हैं और IAS, IPS जैसे अधिकारियों से जुड़ी विशेष रिपोर्टिंग करते हैं। अपराध, राजनीतिक रैलियां, सभाएं और ऐतिहासिक स्थलों जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया है। इससे पहले राजस्थान पत्रिका, दैनिक सच्चा सागर, A1 टीवी, न्यूज़ इंडिया, Network 10, हर खबर न्यूज़ चैनल और दैनिक रिपोर्ट्स.com जैसे प्लेटफॉर्म्स पर कार्य किया। संपर्क: [email protected] | वेबसाइट: https://thepoliticaltimes.live
