नरेश मीणा की पार्टी में फूट! हिंडोली में तीन CR के कांग्रेस पाले में जाने की आशंका, नरेश बोले, ऐसा हुआ तो धरना देंगे
बूंदी : राजस्थान में नरेश मीणा ने पंचायत राज चुनाव में अपनी ताकत दिखा दी हैं। इसके चलते भगत सिंह सेना और बीएसपी के गठबंधन में उन्होंने 22 सीटें जीती। इस बीच बूंदी जिले के हिंडोली में पंचायत समिति चुनाव में सियासी हलचल मची हुई है। बीएसपी के तीन महिला पंचायत समिति सदस्यों के कांग्रेस में पाला बदलने की आशंका के चलते अब मामला रौचक हो गया है। इधर, इन चर्चाओं के बीच अब नरेश मीणा ने बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि तीनों महिला सदस्य वापस अपने कैंप में आ जाए, नहीं तो भगत सिंह सेना अब उनके घरों पर धरना देंगी। नरेश मीणा की इस चेतावनी से बूंदी जिले की सियासत में नया मोड़ आ गया है।
यह भी पढ़ें : पुष्कर मेला 2026 : गाय ने तोड़ा वर्षों पुराना रिकॉर्ड, 75 किलो दिया रिकॉर्ड तोड़ दूध! जानिए कैसे
समझिए हिंडोली की सियासी समीकरण, जिसके कारण मची है हलचल
हिंडोली पंचायत समिति में बीएसपी के टिकट पर 3 महिला सदस्य वार्ड नंबर 2 की ममता, वार्ड नंबर 15 की लक्ष्मी मीणा और वार्ड नंबर 17 की सुशीला मीणा चुनाव जीती। इधर, पंचायत समिति चुनाव के तहत कुल 17 सीटों में कांग्रेस के पास 10, बीजेपी के पास चार और बीएसपी के पास तीन सीटें हैं। इस स्थिति में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है। इसलिए प्रधान बनाने के लिए जोड़-तोड़ लगा रही है। इसको लेकर कथित तौर पर हिंडोली के विधायक अशोक चांदना पर बीएसपी के तीन महिला सदस्यों को अपनी तरफ खींचने का आरोप लग रहा है। इसको लेकर जमकर चर्चाएं चल रही है कि तीनों महिला सदस्य कांग्रेस के खेमे में जा सकती हैं।
यह भी पढ़ें : देवली : शादी-ब्याह नहीं, जडूले में बरसे करोड़ों! थाली में रखे 1.64 करोड़ रुपए, देखिए वीडियो
नरेश मीणा ने धरने की चेतावनी दी
इस सियासी घटनाक्रम के चलते नरेश मीणा की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने हडकम्प मचा दिया है। उन्होंने अपने फेसबुक पर लिखा कि हमने टिकट दिए और जीत के लिए लोगों के सामने झोली फैलाई, लेकिन अब अगर जीते हुए कैंडिडेट नियत खराब करें और बोली लगवाएं, तो सोच लेना। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जितनी तुम कीमत लोगे, वही कीमत हर मतदाता तुमसे वसूलेगा। उन्होंने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए तीनों महिला विजय प्रत्याशियों को अपने कैंप में रहने को कहा है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ, तो पूरी भगत सिंह सेना उनके घर के बाहर धरना देगी।
अशोक चांदना बने चर्चा का केंद्र
इधर, पूरे घटनाक्रम के पीछे हिंडोली विधायक और पूर्व मंत्री अशोक चांदना का नाम भी राजनीतिक चर्चाओं में लिया जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस खेमा बसपा के तीनों सदस्यों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर सकता है। नरेश मीणा और अशोक चांदना के बीच पहले से चली आ रही राजनीतिक अदावत भी इस घटनाक्रम को नया सियासी रंग दे रही है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि तीनों महिला सदस्य किसी दूसरे राजनीतिक खेमे में गई हैं या नहीं। इधर, बसपा नेताओं को भरोसा है कि तीनों सदस्य अपने मूल खेमे में वापस लौटेंगी।
✍🏻 मनीष बागड़ी

मनीष बागड़ी, राजनीतिक पत्रकार और ‘द पॉलिटिकल टाइम्स’ के संपादक हैं। पत्रकारिता में 25 वर्ष से अधिक अनुभव के साथ वे पॉलिटिकल आर्टिकल्स, प्रशासनिक खबरों और विशेष स्टोरीज पर फोकस करते हैं। वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) में स्टेट पॉलिटिकल आर्टिकल्स लिखते हैं और IAS, IPS जैसे अधिकारियों से जुड़ी विशेष रिपोर्टिंग करते हैं। अपराध, राजनीतिक रैलियां, सभाएं और ऐतिहासिक स्थलों जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया है। इससे पहले राजस्थान पत्रिका, दैनिक सच्चा सागर, A1 टीवी, न्यूज़ इंडिया, Network 10, हर खबर न्यूज़ चैनल और दैनिक रिपोर्ट्स.com जैसे प्लेटफॉर्म्स पर कार्य किया। संपर्क: [email protected] | वेबसाइट: https://thepoliticaltimes.live
