CM भजनलाल की गहलोत को फिर चुनौती- ‘अभी तो और तिलमिलाएंगे’, माफी के अल्टीमेटम पर तीखा पलटवार

जयपुर : राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बनाम अशोक गहलोत की सियासी जुबानी जंग लगातार बढ़ती जा रही है। जोधपुर में गहलोत पर किए गए सियासी हमले के बाद उन्होंने CM से 24 घंटे में माफी मांगने के लिए कहा था। इसके जवाब में राजधानी में गुरुवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता मिटाओं रैली’ में भजनलाल शर्मा ने जमकर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ‘मैंने जोधपुर में जो कहा, उससे वह तिलमिला गए हैं, अभी तो और तिलमिलाएंगे’। यदि मैंने कहीं झूठ कहा है, तो वह गलत साबित करके दिखाएं। जोधपुर में मुख्यमंत्री के बयान से शुरू हुई यह सियासी जंग में अब राजनीतिक पारा चढ़ता जा रहा है। इस बीच चर्चा यह भी है कि 24 घंटे बीत जाने के बाद सीएम की माफी नहीं आई, तो अब गहलोत का अगला कदम क्या रहने वाला हैं?
यह भी पढ़ें : धनतेरस पर जरूर खरीदें ये 5 चीजें, बदल सकती है आपकी जिंदगी, मां लक्ष्मी की बनी रहेगी विशेष कृपा
तिलमिला गए, अभी तो और तिलमिलाओगे
राजधानी जयपुर में गुरुवार को लोकतंत्र बचाओ अराजकता मिटा रैली का आयोजन किया गया। इसमें केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहे। जब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बोलने की बारी आई, तो उन्होंने गहलोत को जमकर लपेटा। 24 घंटे में माफी मांगने के गहलोत के अल्टीमेटम के बाद उन्होंने कहा कि जो मैंने कहा उसे वह तिलमिला गए। इस दौरान मुस्कुराहट के साथ फिर कहा कि अभी तो और तिलमिलाएंगे। मैंने कहा था कि एक-एक सवाल का पूरी ताकत के साथ जवाब मिलेगा। उन्होंने गहलोत को चुनौती देते हुए कहा कि मैंने जो बात कही है, उनमें से एक भी बात को आप गलत साबित करके बता दीजिए। क्या आपने आरपीएससी में सदस्य नियुक्त नहीं किया था, क्या वह सदस्य जेल में नहीं है, क्या ग्रामीण जलजीवन मिशन योजना में घोटाला नहीं हुआ। क्या आपके समय की मंत्री और अधिकारी जेल में नहीं है? इनमें से एक मंत्री तो अभी निकल कर आया है।
PSO की गिरफ्तारी को लेकर भी जमकर घेरा
भजन लाल शर्मा यही नहीं रुके। उन्होंने गहलोत से फिर पूछा क्या आपका PSO जेल में नहीं है। मुख्यमंत्री ने उनके कार्यकाल में डीजीपी क्राइम रहे अधिकारी की प्रेस कॉन्फ्रेंस का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आप उस कॉन्फ्रेंस को सुन लीजिए। उन्होंने आपके लिए क्या क्या कहा था? उन्होंने गहलोत की ओर से मांगे गए प्रमाण पर उल्टा उन्हें घेर लिया। उन्होंने हुए कहा कि आप प्रमाण पेश कीजिए कि मैंने कोई बात गलत की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम 24 घंटे राजनीति करने वाले नहीं है, हम जनता की सेवा करने वाले हैं।
यह भी पढ़ें : टोंक में पुलिस ने पकड़ा बड़ा साइबर ठग, सोशल मीडिया पेज के जरिए फंसाता लोगों को, जानिए हैरान कर देने वाले खुलासे
गहलोत ने कहा था, CM 24 घंटे में माफी मांगी
बता दें कि बीते दिनों जोधपुर में लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संबोधन के बाद शुरू हुई इस लड़ाई को लेकर गहलोत भी आक्रामक मुद्रा में हैं। उन्होंने खुद पर लगाए गए आरोपों को मिथ्या बताते हुए कहा कि जब उन्होंने पीपाड़ में खाद बीज की दुकान लगाई, तब भजनलाल शर्मा उस समय महज 5 साल के रहे होंगे। ऐसे में उनके दिमाग में यह बातें कहां से आई, कैसे उन्होंने कपोल कल्पित बातें की। इसको लेकर लेकर गहलोत ने भजनलाल शर्मा को 24 घंटे में माफी मांगने के लिए कहा था, लेकिन यह समय बीत चुका है। CM की ओर से कोई माफी नहीं आई। इसमें अब गहलोत की तरफ से क्या कदम होगा? इसको लेकर सियासी गलियारों में कई तरह की चर्चाएं और कयास लगाए जा रहे हैं।
✍️ मनीष बागड़ी

मनीष बागड़ी, राजनीतिक पत्रकार और द पॉलिटिकल टाइम्स के संपादक हैं। पत्रकारिता में 25 वर्ष से अधिक अनुभव के साथ वे पॉलिटिकल आर्टिकल्स, प्रशासनिक खबरों और विशेष स्टोरीज पर फोकस करते हैं। वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) में स्टेट पॉलिटिकल आर्टिकल्स लिखते हैं और IAS, IPS जैसे अधिकारियों से जुड़ी विशेष रिपोर्टिंग करते हैं। अपराध, राजनीतिक रैलियां, सभाएं और ऐतिहासिक स्थलों जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया है। इससे पहले राजस्थान पत्रिका, दैनिक सच्चा सागर, A1 टीवी, न्यूज़ इंडिया, Network 10, हर खबर न्यूज़ चैनल और दैनिक रिपोर्ट्स.com जैसे प्लेटफॉर्म्स पर कार्य किया। संपर्क: manishbagdi.reporter@gmail.com | वेबसाइट: www.thepoliticaltimes.live









