बीकानेर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष की जमकर पिटाई, टिकट नहीं मिलने से नाराज युवक ने साथियों संग किया हमला
बीकानेर (सुरेन्द्र मण्डा) : राजस्थान के नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियों में संतोष देखने को मिल रहा है। कार्यकर्ता टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर अपने ही नेताओं का विरोध कर रहे हैं। इस बीच बीकानेर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, जहां कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया। कांग्रेस का टिकट मांग रहे एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर जिला अध्यक्ष की जमकर पिटाई कर दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बीकानेर में कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल की जमकर मारपीट कर दी, टिकट नहीं मिलने से नाराज युवक ने अपने साथियों के साथ यह हमला किया pic.twitter.com/knxf95cRiZ
— Journalist Manish Bagdi (@Bagdi_manish67) September 2, 2026
जिला अध्यक्ष पर युवक ने कर दिया हमला
जानकारी के अनुसार बुधवार को शहर के वार्ड नंबर 50 में प्रत्याशी नवरत्न डागा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन समारोह आयोजित हुआ। इस बीच उद्घाटन करने के बाद मेघवाल वापस बाहर निकल रहे थे, तभी एक युवक और उसके साथियों ने उन पर हमला कर दिया। युवक पहले उनके पास जाकर उनसे बात करता है। इस बीच अचानक उन्हें चांटा जड़ देता है। तभी उसके साथी भी जिला अध्यक्ष पर हमला कर देते हैं। इस घटना से मौजूद कांग्रेस के नेताओं में हड़कंप मच गया। इस मामले में मेघवाल ने आरोप लगाया कि हमला करने वाला युवक मोहित अरोड़ा है और उसके साथी भी इसमें शामिल है। मेघवाल ने बताया कि उन्हें टिकट चोर कहकर उनके साथ मारपीट की। इस घटना को लेकर मदन गोपाल मेघवाल ने अपनी सुरक्षा की मांग उठाई है।
यह भी पढ़ें : अटरू में टिकट नहीं मिला तो BJP नेता पर ईंट फेंक दी, नेता मुकेश मिश्रा बाल-बाल बचे
एक दिन पहले दिया था समर्थन
मेघवाल ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि आरोपी युवक ने भी वार्ड नंबर 50 से टिकट मांगा था, लेकिन उसे टिकट नहीं मिला। इसको लेकर वह एक दिन पहले उनके पास आया। जहां उसने वार्ड प्रत्याशी को अपना समर्थन देते हुए कहा कि उसे टिकट नहीं मिला, कोई बात नहीं। वह उनके साथ है, उसने यह भी संभावना जताई कि भविष्य में उसे टिकट मिल जाएगा। लेकिन आज उसने कार्यालय के उद्घाटन के बाद अचानक अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि हमला करने से पहले युवक ने उनसे कहा कि वह उनसे 2 मिनट बात करना चाहता है। इस दौरान युवक ने उनके साथ टिकट नहीं मिलने पर बहस बाजी की। इस घटना में मेघवाल के कपड़े भी फट गए।
यह भी पढ़ें : कांग्रेस की फायर ब्रांड लेडी दिव्या मदेरणा भड़की, अधिकारी से कहा, ‘बेरे में पड़ जाओगे क्या’
बायतु विधायक ने घटना की निंदा की
बीकानेर जिला अध्यक्ष मदन गोपाल के साथ मारपीट की घटना को लेकर बायतु विधायक चौधरी ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि कांग्रेस पार्टी में किसी भी पदाधिकारी के साथ इस तरह का व्यवहार बिल्कुल स्वीकार्य नहीं होगा। यदि किसी प्रकार का मतभेद है तो उसका समाधान लोकतांत्रिक तरीके और संगठनात्मक संवाद के जरिए होना चाहिए। उन्होंने इस मामले में बिना पक्षपात के कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। चौधरी ने यह भी लिखा कि संगठन की गरिमा और कार्यकर्ताओं के सम्मान में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

मनीष बागड़ी, राजनीतिक पत्रकार और द पॉलिटिकल टाइम्स के संपादक हैं। पत्रकारिता में 25 वर्ष से अधिक अनुभव के साथ वे पॉलिटिकल आर्टिकल्स, प्रशासनिक खबरों और विशेष स्टोरीज पर फोकस करते हैं। वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) में स्टेट पॉलिटिकल आर्टिकल्स लिखते हैं और IAS, IPS जैसे अधिकारियों से जुड़ी विशेष रिपोर्टिंग करते हैं। अपराध, राजनीतिक रैलियां, सभाएं और ऐतिहासिक स्थलों जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया है। इससे पहले राजस्थान पत्रिका, दैनिक सच्चा सागर, A1 टीवी, न्यूज़ इंडिया, Network 10, हर खबर न्यूज़ चैनल और दैनिक रिपोर्ट्स.com जैसे प्लेटफॉर्म्स पर कार्य किया। संपर्क: manishbagdi.reporter@gmail.com | वेबसाइट: www.thepoliticaltimes.live






