टोंक में आशाराम धाकड़ बने उप जिला प्रमुख, कांग्रेस को फिर मिला RLP का साथ! जानिए कौन है आशाराम
Published: Thu, 26 Nov 2026 05:16 PM IST | Last Updated: Thu, 26 Nov 2026 05:37 PM IST
टोंक : राजस्थान के टोंक में गुरुवार को उप जिला प्रमुख के चुनाव संपन्न हुए, जहां कांग्रेस के उम्मीदवार आशाराम धाकड़ नए उप जिला प्रमुख चुने गए। उन्हें 31 वोटो के मुकाबले 26 वोट मिले हैं। जबकि भाजपा के प्रत्याशी गणेशाराम को 5 वोट मिले। इधर, उप जिला प्रमुख चुने जाने के बाद कांग्रेस में डबल जश्न का माहौल है। कांग्रेस के नेताओं ने एक दूसरे को बधाई दी और जीत का जश्न मनाया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी टीना डाबी ने आशाराम धाकड़ को निर्वाचन विभाग का प्रमाण पत्र दिया।
आरएलपी का साथ मिलना चर्चा का विषय
टोंक जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख चुनाव के दौरान कांग्रेस को आरएलपी का साथ मिला है। दोनों ही चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार को आरएलपी के एक उम्मीदवार का वोट मिला। इस चुनाव में कांग्रेस ने 25 सीटों पर जीत हासिल की है। जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों ही चुनाव में कांग्रेस को 26-26 वोट मिले। जबकि बीजेपी को दोनों बार 5-5 वोट मिले। बता दें कि आरएलपी को टोंक में एक सीट पर जीत मिली। इधर, नागौर के सांसद और आरएलपी के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल हमेशा कांग्रेस के नेताओं को आड़े हाथ लेते रहते हैं। ऐसे में कांग्रेस को आरएलपी का साथ मिलना जिले में चर्चा का विषय है।
जानिए कौन है, नए उप जिला प्रमुख आशाराम धाकड़
टोंक में गुरुवार को हुए उप प्रधान चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार आशाराम धाकड़ (33) निर्वाचित हुए। आशाराम अपने छात्र जीवन से ही कांग्रेस में सक्रिय रहे। इससे पहले अजमेर में छात्र राजनीति के तहत एनएसयूआई के जिला महासचिव रहे, जहां उन्होंने छात्र हितों के लिए काम किया। इसके बाद उन्होंने पिछली बार देवली पंचायत समिति में सीआर का चुनाव लड़ा, जहां वह चुनाव हार गए थे, लेकिन इस बार उन्हें जीत मिली। आशाराम मूल रूप से किसान है, लेकिन इसके साथ प्रॉपर्टी व्यवसाय का भी कार्य करते हैं। इधर, जीत के बाद आशाराम ने बताया कि उनके क्षेत्र में सड़क, चिकित्सा और शिक्षा को लेकर समस्याएं हैं। इन समस्याओं को प्राथमिकता से निराकरण करना उनका उद्देश्य रहेगा।
✍🏻 मनीष बागड़ी

मनीष बागड़ी, राजनीतिक पत्रकार और ‘द पॉलिटिकल टाइम्स’ के संपादक हैं। पत्रकारिता में 25 वर्ष से अधिक अनुभव के साथ वे पॉलिटिकल आर्टिकल्स, प्रशासनिक खबरों और विशेष स्टोरीज पर फोकस करते हैं। वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) में स्टेट पॉलिटिकल आर्टिकल्स लिखते हैं और IAS, IPS जैसे अधिकारियों से जुड़ी विशेष रिपोर्टिंग करते हैं। अपराध, राजनीतिक रैलियां, सभाएं और ऐतिहासिक स्थलों जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया है। इससे पहले राजस्थान पत्रिका, दैनिक सच्चा सागर, A1 टीवी, न्यूज़ इंडिया, Network 10, हर खबर न्यूज़ चैनल और दैनिक रिपोर्ट्स.com जैसे प्लेटफॉर्म्स पर कार्य किया। संपर्क: [email protected] | वेबसाइट: https://thepoliticaltimes.live
