कौन हैं लेडी सिंघम IPS तेजस्विनी गौतम, जिनकी टीम ने महज 15 मिनट में दबोचे टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के आरोपी
कोटा/जयपुर : बॉलीवुड एक्ट्रेस टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले आरोपियों को पकड़ने में राजस्थान की कोटा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की हैं। टाइगर श्रॉफ पर हमले की घटना ने पूरे देश में हड़कंप मचा दिया था। इधर, आरोपियों को दबोचने में महिला सिंघम कोटा की एसपी तेजस्विनी गौतम का एक्शन प्लान कारगर साबित हुआ, जो अब काफी चर्चा में है। मुंबई पुलिस से मिले इनपुट पर उन्होंने पुणे जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन में सर्चिंग अभियान चलाकर महज 15 मिनट में तीन बदमाशों को दबोच लिया। एसपी तेजस्विनी गौतम के नेतृत्व में कोटा पुलिस को मिली इस बड़ी सफलता की जमकर चर्चा हो रही हैं। इस रिपोर्ट के जरिए जानिए आईपीएस तेजस्विनी गौतम कौन हैं और उनका अब तक का कार्यकाल कैसा रहा….
15 मिनट में दबोच लिया फायरिंग के आरोपियों को
इस मामले में सबसे बड़ी खासियत यह है कि एसपी तेजस्विनी गौतम के निर्देश पर कोटा पुलिस ने जो तत्परता दिखाई हैं, वह काबिले तारीफ है। कोटा रेलवे स्टेशन पर 15 मिनट में पुणे जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन को पुलिस ने खंगाल डाला। इस दौरान विशेष टीम ने साधरण कोच में टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में जुड़े हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया। इनमेें रेहान उर्फ सुक्का निवासी हरियाणा सोनीपत, दूसरा ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन निवासी बेगूसराय बिहार और तीसरा आरोपी, जो नाबालिग हैं। इन तीनों को दबोच लिया। नाबालिग आरोपी पर कई आपराधिक मामले दर्ज है।
नेपाल जाने से पहले दबोचा कोटा पुलिस ने
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आईपीएस तेजस्विनी गौतम ने बताया कि मुंबई पुलिस के इनपुट के आधार पर उन्होंने तत्काल अपनी टीम को एक्टिवेट किया। तीनों आरोपी एक्सप्रेस ट्रेन में साधारण कोच में सवार थे, जो नेपाल भागने की फिराक में थे। उन्होंने बताया कि आरोपी इस ट्रेन से दिल्ली पहुंचने वाले थे और यहां से उन्हें नेपाल भागना था। हालांकि उनके पास कोई हथियार नहीं मिले। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी रेहान का संपर्क अनिल पंडित नाम के एक व्यक्ति से सामने आ रहा है। उन्होंने बताया कि अनिल पंडित लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ सक्रिय सदस्य माना जाता है। इसके बारे में सामने आया है कि वह अमेरिका से गैंग को ऑपरेट करता है। तीनों आरोपियों को दबोचने के बाद अब उन्हें मुंबई पुलिस को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें : CM भजनलाल की नवरात्र पर बड़ी सौगात, जानिए महिला सुरक्षा के लिए मजबूत प्लान
कोटा एसपी ने अपनी टीम की जमकर तारीफ की
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी तेजस्विनी गौतम ने इस सफलता का श्रेय अपनी टीम को दिया। उन्होंने सदस्यों के नाम गिनाते हुए उनकी जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि इस टीम ने महज 15 मिनट में पूरी एक्सप्रेस ट्रेन को खंगाल डाला। जिससे आरोपियों को पकड़ा जा सका। उन्होंने बताया कि उनकी टीम में एसएचओे रामस्वरूप, भीमगंज मंडी के एसएचओे, एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और आरपीएफ जवानों का नाम लिया। उन्होंने दो बार इनकी तारीफ की। उन्होंने कहा कि इन पुलिस अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को विशेष सराहना और पुरस्कार के लिए उन्होंने डीजीपी से बात की हैं।
यह भी पढ़ें : रघु शर्मा ने पुलिस को कहा ‘बेशर्म’, कहा चाहे ‘भजनलाल को बुलवा लो’, हंसराज गुर्जर की गिरफ्तारी पर भड़के पूर्व मंत्री
जानिए कौन हैं लेडी सिंघम, एसपी तेजस्विनी गौतम
2013 बैच की आईपीएस अधिकारी तेजस्विनी गौतम प्रदेश के तेज तर्रार अधिकारियों में जानी जाती हैं। कोटा में तेजस्विनी गौतम के नियुक्त होने के बाद अपराधियों में भय व्याप्त हुआ हैं। इसी साल फरवरी में कोटा में उन्होंने हिस्ट्री शीटर कालू भड़क से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया। इसके अलावा चूरू में अपनी पोस्टिंग के दौरान उन्होंने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के राइट हैंड संपत नेहरा के स्थानीय नेटवर्क और गुर्गों को दबोचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। तेजस्विनी गौतम को डीजीपी डिस्क अवार्ड, इलेक्शन अवार्ड समेत कई पुरस्कार मिले हैं। तेजस्विनी गौतम प्रदेश के जयपुर, बांसवाड़ा, अलवर, चूरू और बीकानेर में पद स्थापित रह चुकी हैं। अलवर और बीकानेर में उन्होंने महिलाओं के लिए गरिमा अभियान चलाया, जहां महिला पुलिस कर्मियों की टीम से कई मनचलों और रोमियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा।

मनीष बागड़ी, राजनीतिक पत्रकार और द पॉलिटिकल टाइम्स के संपादक हैं। पत्रकारिता में 25 वर्ष से अधिक अनुभव के साथ वे पॉलिटिकल आर्टिकल्स, प्रशासनिक खबरों और विशेष स्टोरीज पर फोकस करते हैं। वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) में स्टेट पॉलिटिकल आर्टिकल्स लिखते हैं और IAS, IPS जैसे अधिकारियों से जुड़ी विशेष रिपोर्टिंग करते हैं। अपराध, राजनीतिक रैलियां, सभाएं और ऐतिहासिक स्थलों जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया है। इससे पहले राजस्थान पत्रिका, दैनिक सच्चा सागर, A1 टीवी, न्यूज़ इंडिया, Network 10, हर खबर न्यूज़ चैनल और दैनिक रिपोर्ट्स.com जैसे प्लेटफॉर्म्स पर कार्य किया। संपर्क: manishbagdi.reporter@gmail.com | वेबसाइट: www.thepoliticaltimes.live






