धौलपुर (दीपू वर्मा) : राजस्थान के धौलपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन देखने को मिला। इस दौरान अवैध रूप से मोडिफाइड पटाखा बाइक साइलेंसर के खिलाफ पुलिस के एक्शन ने लोगों में हड़कंप मचा दिया। लोगों की नाक में दम करने वाली ऐसी 30 बाइक के खिलाफ एसपी विकास सांगवान के निर्देश पर पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 30 अवैध साइलेंसर पर रोलर चलाकर उन्हें चकनाचूर कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर आमजन सराहना कर रहे हैं।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और एडीएम बाड़ी कमल कुमार जांगिड़ के सुपरविजन में यातायात पुलिस प्रभारी बलविंदर सिंह के नेतृत्व में गुलाब बाग क्षेत्र में की गई। यह पटाखा बाइक साइलेंसर पिछले दिनों विभिन्न बाइकों से जब्त किए गए थे, जो तेज आवाज और पटाखा जैसे धमाकों के जरिए आमजन में दहशत और परेशानी का कारण बन रहे थे। इसको लेकर पुलिस के सामने लगातार शिकायतें आ रही थी। मामले की गंभीरता लेते हुए एसपी विकास सांगवान ने पुलिस को ऐसी बाइकों के खिलाफ कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए।
इस मामले में एसपी विकास सांगवान ने साफ तौर पर कहा है कि इस तरह के मॉडिफाइड बाइक साइलेंसर लगाना कानून का उल्लंघन है और ऐसे वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। साथ ही वाहन चालकों को सख्त चेतावनी दी गई है कि यदि सड़क पर पटाखा साइलेंसर लगी बाइक पाई गई, तो वाहन जब्त करने के साथ चालक पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस तरह की पटाखा बाइक साइलेंसर से मरीजों, बुजुर्गों और विद्यार्थियों को गंभीर परेशानी होती है, इसलिए नियमों का पालन करना सभी के लिए जरूरी है। इधर, पुलिस के इस क्रिया को लेकर अब आमजन में हलचल मच गई है। वही लोग पुलिस की कार्रवाई की तारीफ कर रहे हैं।
पॉलिटिकल आर्टिकल्स लिखना पसंद है, पत्रकारिता में 20 वर्ष से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) में 'स्टेट पॉलिटिकल आर्टिकल्स' लिखता हूं, पत्रकारिता के इस सफर में राजस्थान पत्रिका, A1टीवी, न्यूज़ इंडिया, Network 10, हर खबर न्यूज़ चैनल, दैनिक रिपोर्टर्स.com जैसे न्यूज़ प्लेटफार्म पर भी कार्य किया है।
Follow us -
www.thepoliticaltimes.live