भरतपुर (अंकुर गुप्ता) : राजस्थान के भरतपुर निवासी एक उद्यमी के साथ दिल्ली में रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई। इस दौरान दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में भरतपुर जिले के उच्चेंन क्षेत्र निवासी फैक्ट्री ऑनर की बदमाशों ने चाकू गोद कर निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान 28 साल के रवि चौधरी के रूप में हुई है। इधर, पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो शव की क्षत विक्षत हालत देखकर एक बार तो पुलिस भी हैरान रह गई। फिलहाल हत्या की वारदात को लेकर पुलिस हर एंगल को लेकर जांच करने में जुटी हुई है।
जानकारी अनुसार मृतक रवि, दिल्ली में नरेला के गौतम कॉलोनी का रहने वाला था और मूल रूप से भरतपुर जिले के उच्चेन के धौर का नगला का निवासी था। आरोप है कि फैक्ट्री में काम करने वाले युवक सहित अन्य बदमाशों ने युवक की हत्या की है। परिवार का कहना है कि कुछ दिन पहले फैक्ट्री के एक कर्मचारी के साथ रवि चौधरी का विवाद हुआ था। परिजनों को शक है कि उसी रंजिश के चलते इस हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है। हालांकि पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कई टीमों को जांच में लगा दिया है और हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार गत 20 फरवरी की रात नरेला इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस को SRHC अस्पताल से सूचना मिली थी कि किसी 28 वर्षीय रवि को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर मेडिकल लीगल केस (MLC) रिपोर्ट का निरीक्षण किया। रिपोर्ट में सामने आया कि रवि के शरीर पर चाकू के कई गहरे घाव थे। गर्दन के बाईं ओर, कंधे और कमर के पीछे की तरफ गंभीर चोटें पाई गईं। डॉक्टरों ने उसे ‘ब्रॉट डेड’ घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार जांच में पता चला है कि रवि ने DSIIDC, नरेला स्थित परिसर नंबर J-3266 में फैक्ट्री किराये पर ली हुई थी, जहां वह ‘चौधरी एंटरप्राइजेज’ के नाम से जूते-चप्पलों के ऊपरी हिस्से बनाने का काम करता था। वह 20 फरवरी की रात करीब 8:30 बजे वह फैक्ट्री बंद कर घर लौटने की तैयारी कर रहा था। रवि ने फैक्ट्री की चाबी ठेकेदार सोनू को सौंपी और अपनी बाइक से वहां से निकल रहा था। उसके साथ विश्वेंद्र सिंह उर्फ विष्णु भी मौजूद था कि तभी हमलावर वहां पहुंचे और रवि पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार रवि ने नरेला में फैक्ट्री किराए पर ले रखी थी। मृतक के बड़े भाई रणवीर सिंह के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर नरेला इंडस्ट्रियल थाने में 21 फरवरी को BNS की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं और पेशेवर तरीके से जांच आगे बढ़ाई जा रही है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित संदिग्धों की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें :
242
मनीष बागड़ी, Chief Editor
पॉलिटिकल आर्टिकल्स लिखना पसंद है, पत्रकारिता में 20 वर्ष से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) में 'स्टेट पॉलिटिकल आर्टिकल्स' लिखता हूं, पत्रकारिता के इस सफर में राजस्थान पत्रिका, A1टीवी, न्यूज़ इंडिया, Network 10, हर खबर न्यूज़ चैनल, दैनिक रिपोर्टर्स.com जैसे न्यूज़ प्लेटफार्म पर भी कार्य किया है।
Follow us -
www.thepoliticaltimes.live