धौलपुर (दीपू वर्मा): राजस्थान के धौलपुर में एक दर्जन से अधिक महिलाओं का पुलिस थाने में जमकर उत्पात देखने को मिला। दरअसल, महिलाएं थाने में पुलिस की कार्रवाई का विरोध जताने गई थी, जहां उन्होंने पुलिस थाने में जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करते हुए एक कांस्टेबल की वर्दी फाड़ दी। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस दौरान पुलिस ने महिलाओं को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन महिलाएं पुलिस थाने में तांडव मचाती हुई नजर आई। बाद में पुलिस ने करीब एक दर्जन महिलाओं और लोगों को हिरासत में ले लिया।
हैरान कर देने वाला यह मामला धौलपुर जिले के सैंपउ पुलिस थाने का है, जहां पुलिस किसी मामले में वांछित आरोपी निरोती लाल को पकड़ने गई थी। इस बीच निरोती लाल के परिजनों ने पुलिस से उसे छुड़ा लिया। बाद में पुलिस बैरंग लौट आई। इसके बाद करीब एक दर्जन महिलाएं पुलिस थाने पहुंच गई, जहां उन्होंने थाने पर जमकर उत्पात मचाया। महिलाओं ने कुर्सियां, टेबल आदि सामान तोड़ दिए। इस दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को बंद कर दिया तो एक महिला ईट लेकर दरवाजे को तोड़ने का प्रयास करती नजर आई। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। जबकि एक पुलिसकर्मी की छीना झपटी में महिलाओं ने वर्दी फाड दी।
पुलिस ने एक दर्जन महिलाओं और पुरूषों को लिया हिरासत में
इस बीच हंगामे की सूचना पर डीएसपी अनूप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिलाओं को समझा बुझाकर उनका गुस्सा शांत किया। इस मामले में पुलिस ने हंगामा कर रही करीब 8 से 10 महिलाओं समेत करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। इधर, इस मामले को लेकर आरोपियों पर पुलिस थाने में राजकार्य में बाधा डालने, तोड़फोड़ करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
पॉलिटिकल आर्टिकल्स लिखना पसंद है, पत्रकारिता में 20 वर्ष से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) में 'स्टेट पॉलिटिकल आर्टिकल्स' लिखता हूं, पत्रकारिता के इस सफर में राजस्थान पत्रिका, A1टीवी, न्यूज़ इंडिया, Network 10, हर खबर न्यूज़ चैनल, दैनिक रिपोर्टर्स.com जैसे न्यूज़ प्लेटफार्म पर भी कार्य किया है।
Follow us -
www.thepoliticaltimes.live