जयपुर : राजस्थान विधानसभा में शनिवार को जमकर घमासान हुआ। इस दौरान सीएम भजनलाल ने कांग्रेस के 5 साल के कार्यकाल को लेकर जमकर घेरा। उन्होंने तीखा हमला करते हुए कहा कि अब कांग्रेस में सच्चाई सुनने की हिम्मत नहीं है, इसलिए वह सदन छोड़कर चले गए। दरअसल, काफी समय से बीजेपी और कांग्रेस में इस बात को लेकर बहस चली रही थी कि किसका कार्यकाल श्रेष्ठ है? इसको लेकर शनिवार को संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने इस बहस को लेकर प्रस्ताव रखा। इस पर कांग्रेस के विधायकों ने जमकर हंगामा किया। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि बीजेपी कांग्रेस शासन का सामना नहीं कर सकी, इसलिए उन्होंने चर्चा का विषय ही बदल दिया। इस बीच काफी हंगामा के चलते विपक्ष के विधायक सदन से बाहर चले गए।
कांग्रेस के नेता कायर है, कांग्रेस को चुनौती दी मंत्रियों ने
विधानसभा में शनिवार को 5 साल बनाम 2 साल के कार्यकाल की बहस को लेकर जब संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने प्रस्ताव रखा, तो कांग्रेस ने जोरदार हंगामा कर दिया। इस बीच मंत्री अविनाश गहलोत, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल और गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेसी नेताओं को कायर तक कर दिया। उन्होंने कहा कि यदि हमारे मुख्यमंत्री की चुनौती स्वीकार हो, तो बहस करो। विपक्ष के विधायक विधानसभा छोड़ कर भाग रहे हैं। अगर हिम्मत है तो बहस करो, कायरों की तरह भागो मत। उन्होंने कहा कि कल शायद राहुल गांधी का हंटर लगा होगा दिल्ली से।
कांग्रेस में सच्चाई सुनने का दम नहीं है : सीएम भजनलाल
इस दौरान सीएम भजनलाल शर्मा ने विपक्ष के बहिष्कार पर जमकर सियासी हमला किया। उन्होंने कहा कि हर सरकार का उत्तरदायित्व है कि वह अपने कार्य का रिपोर्ट कार्ड दे। हमने अपने दोनों वर्षों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखा है। हमने प्रतिपक्ष की चुनौती को स्वीकार करते हुए 2 साल बना 5 साल का प्रतिवेदन सदन में रखा, लेकिन विपक्ष के पास बोलने के लिए कुछ नहीं है, अगर वह बहस करें तो 5 साल के सच्चाई जनता के सामने आ जाती। हमने अपनी सरकार और गत सरकार के विकास कार्यों के तुलनात्मक आंकड़ों का लेखा-जोखा एक लिखित पुस्तिका के माध्यम से सदन की मेज पर रखा था। अगर इस पर बहस होती, तो सारी सच्चाई सामने आती।
संकल्प पत्र के 73 प्रतिशत वादे, पूरे करेंगे सभी संकल्प
इस दौरान सीएम शर्मा ने कहा कि आपणो अग्रणी राजस्थान संकल्प पत्र के कुल 392 वादों में से 73 प्रतिशत को पूरा कर लिया गया है या उनका कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि हम संकल्प पत्र के प्रत्येक वादे को पूरा करेंगे। पिछली सरकार के पांच वर्षों में कुल 4148 घोषणाएं की गईं, जिनमें से 2208 घोषणाएं यानि 53 प्रतिशत पूरी ही नहीं की गईं। खासकर अंतिम वर्ष 2023-24 में 1426 घोषणाएं की गईं, जिनमें 1142 यानि 80 प्रतिशत पर कोई काम नहीं हुआ।
सीएम ने विधानसभा में कहा कि जबकि पूर्ववर्ती सरकार के 5 वर्षों के कार्यकाल में 626 घोषणाएं ऐसी की गई, जिन पर काम शून्य रहा, यानी केवल वोटबैंक की राजनीति के लिए लोकलुभावन वादे कर दिए गए। 450 करोड़ रुपये की लागत से 2000 पायलट ड्रोन देने, 400 करोड़ से चार माइस सेंटर बनाने, 125 करोड़ से पांच गोल्फ कोर्स बनाने और 125 करोड़ से विश्वकर्मा एसएमई टावर बनाने जैसी घोषणाओं पर ‘काम जीरो’ हुआ।
बीजेपी ने नीतिगत विकास और योजनाओं को जमीन पर उतारा
सीएम ने कहा कि बीजेपी सरकार ने शानदार काम करते हुए नीतिगत विकास और योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। वहीं, राज्य सरकार के मात्र दो वर्षों में 2719 बजट घोषणाएं की गईं, जिनमें से 919 घोषणाएं पूर्ण की जा चुकी हैं और 1 हजार 531 पर कार्य प्रगतिरत है। इस तरह 90 प्रतिशत की स्वीकृतियां जारी कर दी गई हैं और 80 प्रतिशत घोषणाएं पूर्ण हो चुकी हैं या धरातल पर क्रियान्वयन शुरू हो गया है। इस दौरान सीएम भजनलाल ने विधानसभा में कांग्रेस और बीजेपी के शासनकाल की तुलना को लेकर कई जमकर सियासी हमले किए।
पॉलिटिकल आर्टिकल्स लिखना पसंद है, पत्रकारिता में 20 वर्ष से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) में 'स्टेट पॉलिटिकल आर्टिकल्स' लिखता हूं, पत्रकारिता के इस सफर में राजस्थान पत्रिका, A1टीवी, न्यूज़ इंडिया, Network 10, हर खबर न्यूज़ चैनल, दैनिक रिपोर्टर्स.com जैसे न्यूज़ प्लेटफार्म पर भी कार्य किया है।
Follow us -
www.thepoliticaltimes.live