धौलपुर (दीपू वर्मा) : विश्व प्रसिद्ध मां वैष्णो देवी माता के दर्शन कर लौट रहे राजस्थान के पांच युवकों के साथ बड़ा हादसा हो गया। इस दौरान धौलपुर के रहने वाले पांच युवक जम्मू कश्मीर में लैंड स्लाइड में बह गए। बताया जा रहा है कि इनमें दो युवक पेड़ को पकड़ लेने से बच गए। इधर, घटना के बाद वहां राहत कार्य चलाया जा रहा है, जहां घटना में बचे दोनों युवकों से जानकारी लेने के बाद रेस्क्यू टीम अन्य तीन युवकों की तलाश कर रही है। यह पांचों युवक 23 अगस्त को धौलपुर से मां वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए गए थे।
दर्शनों के बाद लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार इनमें यश पुत्र शशिकांत गर्ग निवासी गर्ग कॉलोनी सैंपऊ, प्रांशु पुत्र सुनील मित्तल निवासी नगला राय जीत हाल निवासी सैंपऊ, शिव बंसल पुत्र विनोद बंसल निवासी खेरागढ़ आदित्य पुत्र हरिओम परमार सैंपऊ और दीपक पुत्र विष्णु मित्तल निवासी तसीमों 23 अगस्त को सभी जम्मू वैष्णो देवी के लिए रवाना हुए। बताते हैं, सभी युवक आज मंगलवार को घर लौटने वाले थे। ट्रेन में देरी होने के कारण जम्मू से कटरा वाले रास्ते से ट्रेन पकड़ने के लिए लौट रहे थे, तभी रास्ते में लैंड स्लाइड होने पर पहाड़ से गिर रहे भारी पत्थर और मलवे से बचने के लिए नीचे उतर आए।
लैंड स्लाइड में बहे युवक, दो ने पेड़ से बचाई जान
इसी दौरान पीछे से लैंडस्लाइड के साथ तेज रफ्तार पानी की चपेट में आने से सभी बह गए। दो युवक आदित्य और दीपक ने जैसे तैसे पानी में तैर कर एक पेड़ को पकड़ कर बच गए। वहीं यश प्रांशु और शिव बंसल तीनों पानी की तेज प्रवाह में बहते गए।
पीड़ित युवकों के घर मचा कोहराम
इस दौरान घटना के 2 घंटे बाद मौके पर पहुंची एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम के द्वारा दोनों युवकों से जानकारी ली। बाद में रेस्क्यू टीम ने तीनों युवकों की तलाश में ऑपरेशन शुरू किया है। इधर जैसे ही परिजनों को युवकों के साथ हादसा होने की जानकारी मिली तो कोहराम मच गया। तत्काल ही परिजन गाड़ी से जम्मू के लिए रवाना हो गए हैं। इस दौरान परिजनों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
1,496
मनीष बागड़ी, Chief Editor
पॉलिटिकल आर्टिकल्स लिखना पसंद है, पत्रकारिता में 20 वर्ष से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) में 'स्टेट पॉलिटिकल आर्टिकल्स' लिखता हूं, पत्रकारिता के इस सफर में राजस्थान पत्रिका, A1टीवी, न्यूज़ इंडिया, Network 10, हर खबर न्यूज़ चैनल, दैनिक रिपोर्टर्स.com जैसे न्यूज़ प्लेटफार्म पर भी कार्य किया है।
Follow us -
www.thepoliticaltimes.live